महराजगंज की थाना चौक पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर चोर को दबोचा

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus

महराजगंज, 16 जनवरी। जनपद में अपराधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में चौक थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर डाक बंगला रोड से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी ने कबूल किया अपराध

गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम जैतुल्ला पुत्र इस्लाम, निवासी ग्राम टीकर, थाना चौक बताया। उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट बदला हुआ था। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर UP56Q6539 है, जो मुरारी यादव, निवासी बेलवा, थाना ठूठीबारी के नाम पर पंजीकृत है।

पूछताछ में जैतुल्ला ने सोनबरसा गांव से एक और मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद की। इसका वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर UP56V6153 पाया गया, जो पवन कुमार उपाध्याय, निवासी सोनवरसा, थाना चौक के नाम पर दर्ज है।

गिरफ्तारी और बरामदगी में उपनिरीक्षक शिवम कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रिंकू कन्नौजिया, कांस्टेबल सोनू गौड़ और कांस्टेबल पीयूष यादव की भूमिका सराहनीय रही।

एसपी सोमेन्द्र मीना ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जनपद को अपराधमुक्त बनाया जा सके।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com